लेबल

12 अक्टू॰ 2021

एक गीत -यह पुण्य देवभूमि है | राज्यगीत

  

 

काशी



यह पुण्य देवभूमि है

यह पुण्य देवभूमि है
यहाँ न कोई क्लेश है ।
ध्वज लिए विकास का
यह अग्रणी प्रदेश है
यह उत्तर प्रदेश है, यह उत्तर प्रदेश है ।

सुबहे काशी है यहीं
यहीं अवध की शाम है,
यह संत,ऋषि,विचारकों
औ ज्ञानियों का धाम है,
कला,कौशल विकास
हेतु पूँजी का निवेश है।
यह उत्तर प्रदेश है ,यह उत्तर प्रदेश है।

गंगा,जमुना,सरयू
पुण्य नदियों का प्रवाह है,
अनेकता में एकता का
प्रेम से निबाह है,
सारनाथ,कुशीनगर
बुद्ध का उपदेश है,
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

काशी ,मथुरा,वृंदावन
गुरु गोरख यहीं मिले,
राम की अयोध्या में
अखण्ड दीप लौ जले,
परम्परा, नवीनता का
इसमें समावेश है ।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

चौरी-चौरा,झाँसी, मेरठ की
जमीन लाल है,
तीर्थ ये शहीदों का
ये क्रांति की मशाल है,
गौ माता का रक्षक है
ये किसानों का सुदेस है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

चित्रकूट,श्रृंगवेरपुर
यहीं प्रयाग है,
विश्व पर्व कुम्भ 
इसमें धूनियों की आग है,
शिक्षा,ज्ञान,योग औ
अध्यात्म में विशेष है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

रक्षक है सर्वधर्म की
माँ भारती महान है,
तुलसी के संग कबीर
औ रविदास जी का मान है,
माँ विन्ध्वासिनी की
दिव्य शक्ति भी अशेष है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

स्वदेश के लिए यहाँ
बलिदान एक पर्व है,
झलकारी बाई,झाँसी
की रानी पर इसको गर्व है,
यह मंगल पांडे,बिस्मिल
और आज़ाद का प्रदेश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

यह विश्व राजनीति का
महान एक केंद्र है,
यहाँ का वीर सरहदों पे
बज्र ले महेंद्र है,
विभिन्न भाषा,बोलियाँ
विभिन्न भूषा-वेश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

बिरहा, कजरी ,आल्हा
इसके मौसमों का गीत है,
धान-पान धानी-हरे
गेहूँ स्वर्ण-पीत है,
झील-ताल खिलते कमल
खुशबुओं का देश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

राज्य का प्रतीक चिन्ह
मत्स्य और तीर है,
वृक्ष है अशोक, पुष्प
टेसू ज्यों अबीर है,
स्त्रियों के मान और
सम्मान का आदेश है।
यह उत्तर प्रदेश है,यह उत्तर प्रदेश है।

कवि जयकृष्ण राय तुषार




कवि-जयकृष्ण राय तुषार


एक ग़ज़ल-फ़साना ग़ज़ल में था

 


चित्र साभार गूगल


एक ग़ज़ल-फ़साना ग़ज़ल में था


तन्हाइयों में क़ैद था आँसू भी जल में था

ग़म भी तमाम रंग में खिलते कमल में था


महफ़िल में सबके दिल को कोई शेर छू गया

शायर का इश्क,ग़म का फ़साना ग़ज़ल में था 


घर के दिए हवा की शरारत से बुझ गए

जलता रहा वो शौक से गंगा के जल में था


राजा के साथ कीमती परदे बदल गए

दरबार में पुराना रवैया अमल में था


बासी हवा के साथ धुँआ रास्तों में था

कहने को मौसमों का नज़ारा बदल में था


महफ़िल में उसके नाम क़सीदे पढ़े गए

जिसका रदीफ़,काफ़िया, मतला हज़ल में था


भूखे थे आसमां में परिन्दे उदास थे

दाने जहाँ-जहाँ थे बिजूखा फसल में था


जब भी चुनाव आया ग़रीबों में वो दिखा

वैसे तो उसका ठौर-ठिकाना महल में था

जयकृष्ण राय तुषार

चित्र साभार गूगल

21 मई 2021

एक गीत -मेड़ों पर वसन्त

 

चित्र -साभार गूगल 
एक गीत -मेड़ों पर वसन्त 
लोकरंग 
में वंशी लेकर 
गीत सुनाता है |
मेड़ों पर 
वसन्त का 
मौसम स्वप्न सजाता है |

सुबह -सुबह
उठकर आँखों 
का काजल मलता  है ,
संध्याओं को 
जुगनू बनकर 
घर -घर जलता है ,
नदियों के 
जूड़े -तितली 
के पंख सजाता है |

हल्दी के 
छापे -कोहबर
में रंग इसी का है ,,
कोई भी 
हो फूल 
फूल में रंग इसी का है ,
आँखों की 
भाषा पढ़ने का 
हुनर सिखाता है |

पीला कुर्ता 
पहने सूरज 
डूबे झीलों में ,
यादों की 
खुशबू फैली है 
कोसों -मीलों में ,
यह जीवन 
का सबसे  
अच्छा राग सुनाता है |

कवि -जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र -साभार गूगल 







7 मई 2021

एक गीत -फिर गुलाबी फूल -कलियों से लदेंगी नग्न शाखें



चित्र -साभार गूगल 
एक गीत -
फिर गुलाबी फूल ,कलियों से लदेंगी  नग्न शाखें 

फिर  गुलाबी 
फूल ,कलियों से
लदेंगी  नग्न शाखें   |
पर हमारे 
बीच होंगी नहीं 
परिचित कई आँखें |

यह अराजक 
समय ,मौसम 
भूल जाएगा जमाना ,
फिर किताबों में 
पढ़ेंगे गाँव का 
मंज़र  सुहाना ,
देखकर 
हम मौन होंगे 
तितलियों की कटी पाँखेँ |

झील में 
खिलते कंवल,  
मछली नदी में जाल होंगे ,
नहीं होगा 
स्वर तुम्हारा 
साज सब करताल होंगे ,
गाल पर रूमाल 
होंगे 
डबडबाई हुई आँखें |

ज्ञान और विज्ञान 
का सब दम्भ 
कैसे है पराजित ,
प्रकृति के 
उपहास का यह 
लग रहा  परिणाम किंचित ,
अब घरों की 
खिड़कियाँ हैं 
जेल की जैसे सलाखें |

कवि -जयकृष्ण राय तुषार 

5 मई 2021

एक गीत -दिन लौटें मुस्कानों वाले

 

चित्र -साभार गूगल 

एक गीत -दिन लौटें मुस्कानों वाले 

डायन सी रातें 
दिन सहमे 
मौसम भी तूफानों वाले |
कोई पाती 
लिखे प्रेम की  
दिन लौटें मुस्कानों वाले |

पर्वत ,टीलों 
नदी ,पठारों 
शहरों में पसरा सन्नाटा ,
गंध न कोई 
फूल शाख पर 
जगह -जगह सेही का काँटा ,
शुभ -मंगल 
के शब्द नदारद 
जुमले सबके तानों वाले |

सुनों सुनयने !
आज नींद में 
आँखों को भर लो सपनों से ,
सबका ख़ैर 
कुशलता पूछो 
आज पराये और अपनों से ,
पियराये मुख 
चाँदनियों के 
ग्रह -नक्षत्र शैतानों वाले |

काशी ,वृन्दावन  
कौसानी 
हँसो पहाड़ों वाली रानी ,
हरियाली 
का गीत सुनाओ 
उतरो मेघों बरसो पानी ,
हरे नीम 
निबकौड़ी वाले 
सूखे पत्ते पानों वाले |

कवि -जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र -साभार गूगल 


4 मई 2021

एक गीत - खेतों से लौट गया नहरों का पानी

 

चित्र -साभार गूगल 

एक गीत -

खेतों से लौट गया नहरों का पानी 


खेतों से 
लौट गया 
नहरों का पानी |
मटमैला 
रंग हुआ 
फसलों का धानी |

खाद- बीज 
ब्याज सहित 
कर्ज कुछ उधारी ,
गेहूं में 
रोग लगा 
धान सब मुंगारी ,
गाँवों के 
नाम अलग 
एक है कहानी |

मौसम को 
पढ़ने में 
गिरे चढ़े पारे ,
सरकारें 
बदली तो 
बदल गए नारे ,
बच्चे 
परदेश गए 
डूबती किसानी |

झगड़े में 
बाग बिके 
साझे की नीम कटी ,
एक ही 
पड़ोसन थी 
दुश्मन के साथ सटी ,
वक्त की 
अदालत में 
रोज तजमिसानी |

कवि -जयकृष्ण राय तुषार 

2 मई 2021

 

चित्र -साभार गूगल -गुरु गोरखनाथ 


एक गीत -सारंगी जोगी मत छोड़ना

सारंगी जोगी मत छोड़ना । चंचल मन विषघट को फोड़ना । जीवन के तार जहाँ ढीले हों दुःख से जब नयन कभी गीले हों तार सभी कसकर के बाँधना गोरखबानी मन को साधना सुर की यह वंशी मत तोड़ना । माटी की देह देह नश्वर है गीता का श्लोक मन्त्र ईश्वर है माया की कैद में मछन्दर है तिरिया के देश महल अन्दर है गुरु के टूटे मनके जोड़ना । जयकृष्ण राय तुषार

एक ग़ज़ल -अब टूटते रिश्तों को बचाने का समय है

  

चित्र -साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -अभी मुल्क बचाने का समय है 

गलती है कहाँ यह न गिनाने का समय है 
मिल जुल के अभी मुल्क बचाने का समय है 

जो छोड़ गए उनको भी हम याद करेंगे 
फिलहाल अभी ग़म को भुलाने का समय है 

जो आँख में आँसू लिए बैठे हैं घरों में 
दुख बाँटके उनका ये हँसाने का समय है 

बोतल में बिके पानी हवा बेच रहे हैं 
अब नीम औ पीपल को लगाने का समय है  

आँधी ये किसी मुल्क की साज़िश का है हिस्सा  
शाखों पे खिले फूल बचाने का समय है 

यह वक्त पराजित हो ये कोशिश हो हमारी 
जीवन का हरेक मंत्र बताने का समय है 

है कोई मसीहा कोई शैतान बना है 
हैवान को इंसान बनाने का समय है 

एक पेड़ नहीं वन में ही ये आग लगी है 
अब राग तो मल्हार सुनाने का समय है 

दरिया की लहर तोड़ के साहिल को बहो तुम 
हर खेत की अब प्यास बुझाने का समय है 

असहाय नहीं छोड़िए घर बार मोहल्ला 
अब टूटते रिश्तों को बचाने का समय है 

कवि /शायर -जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र साभार गूगल 

30 अप्रैल 2021

एक गीत -हाशिये पर नीम ,पीपल

  

चित्र-साभार गूगल 

एक गीत -हाशिए पर  नीम ,पीपल 

हाशिए पर 
नीम ,पीपल 
नदी ,झरने ,हरे जंगल |
पीढ़ियों के 
लिए मौसम 
हो गया कैसे अमंगल |

प्रकृति का 
कितना विरूपण 
यह तरक्की कर रही है ,
स्वप्न भी हैं 
प्रेत के अब 
नींद हर दिन डर रही है ,
सिर्फ़ ओले 
और पत्थर 
बाँटते अब घने बादल |

मंदिरों में 
मंत्र -पूजा 
नहीं कोई शंख स्वर है ,
विष भरे 
वातावरण में 
मौन रथ पर भाष्कर है ,
स्वस्ति वाचन 
नहीं कोई 
वेदपाठी शगुन हलचल |

मूल्य ,नैतिकता 
तिरोहित 
पत्थरों की बस हवेली ,
बोन्साई 
हँस रहे हैं 
धूल में लिपटी चमेली ,
झील का 
जल है निरुत्तर 
कहाँ गायब रक्त शतदल |

बादलों में 
थकी जैसे चाँदनी 
दिनमान सोया ,
गीत का 
मुखड़ा लिखूँ क्या 
धुन्ध में उपमान खोया ,
दे रहा है
गंध बासी ,
माथ पर अब तपन संदल |

कवि -जयकृष्ण राय तुषार 
चित्र -साभार गूगल 

एक ग़ज़ल -तूफ़ान की जद में है हवाओं की नज़र है    

 

चित्र साभार गूगल 


एक ग़ज़ल -
तूफ़ान की जद में है हवाओं की नज़र है 

तूफ़ान की जद में है हवाओं की नज़र है
ये उड़ते परिंदो के ठिकाने का शजर है 

हाथों में किसी बाघ की तस्वीर लिए है 
यह देख के लगता है कि ये बच्चा निडर है 

ये भौंरा बयाबाँ में किसे ढूँढ रहा है 
जिस राह से आया है वहीं फूलों का घर है 

वंशी हूँ तो होठों से ही रिश्ता रहा अपना 
पर आज गुलाबों कि तरह किसका अधर है 

रोते हुए हँस देता है रातों को वो अक्सर 
ये नींद में आते हुए ख़्वाबों का असर है 

परदेस से लौटा है बहुत दिन पे मुसाफ़िर 
अब ढूँढ रहा माँ की वो तस्वीर किधर है 

जयकृष्ण राय तुषार 
 
चित्र साभार गूगल