बुधवार, 25 फ़रवरी 2026

श्री कृष्ण कुमार यादव जी को पुस्तक भेंट

 आज बेहतरीन संयोग था आदरणीय कृष्ण कुमार यादव जी प्रतिष्ठित लेखक एवं ब्लॉगर जो भारतीय डाक सेवा में पोस्ट मास्टर जनरल हैं उनसे मुख्य डाकघर के गेस्ट हाउस में मुलाक़ात हुई और मैंने लोकभारती से प्रकाशित ग़ज़ल संग्रह भेंट किया. आदरणीय श्री के. के. यादव जी सहज व्यक्तित्व के धनी हैं. उनसे मिलना बहुत ही सुखद लगता है. फोटो भाई श्री अभय यादव जी ने लिया उनके प्रति हृदय से आभार.आप सभी का दिन शुभ हो.

श्री कृष्ण कुमार यादव जी 
पोस्ट मास्टर जनरल अहमदाबाद 
एवं लेखक /ब्लॉगर को 
पुस्तक भेंट 


श्री के. के. यादव जी 
पोस्टमास्टर जनरल एवं प्रतिष्ठित 
लेखक 


शनिवार, 21 फ़रवरी 2026

पुस्तक भेंट -श्री रामनरेश त्रिपाठी पिंडीवासा जी को ग़ज़ल संग्रह भेंट

 

आदरणीय श्री रामनरेश त्रिपाठी पिंडीवासा जी को पुस्तकभेंट 


आज दिनांक 21-02-2026 को आदरणीय श्री राम नरेश तिवारी पिंडीवासा जी जिला प्रबंधक /उपमहाप्रबंधक से. नि. खाद्य एवं उपभोक्ता मंत्रालय भारत सरकार. वर्तमान में सदस्य हिन्दी सलाहकार समिति वाणिज्य मंत्रालय एवं पंचायती राज्य मंत्रालय भारत सरकार व नगर प्रधान केंद्रीय सचिवालय हिन्दी परिषद प्रयागराज के आवास पर अपनी पुस्तक /ग़ज़ल संग्रह *सियासत भी इलाहाबाद में संगम नहाती है *की एक प्रति सम्मानपूर्वक भेंट किए. इस अवसर पर पिंडीवासा जी से आशीर्वाद प्राप्त कर प्रसन्नता मिली उनके द्वारा मेरे जीवन में रचना के क्षेत्र में उत्तरोत्तर वृद्धि का आशीष भी मिला. आप सभी का दिन शुभ हो.

पिंडीवासा जी को पुस्तक भेंट 


रविवार, 1 फ़रवरी 2026

अहा ज़िन्दगी में गीत

 



अहा ज़िन्दगी में वसंत पर गीत




सूरज कल भोर में जगाना 
नींद नहीं 
टूटे तो 
देह गुदगुदाना |
सूरज कल
खिड़की से
भोर में जगाना |

फूलों में 
रंग भरे 
खुशबू हो देह धरे ,
मौसम के 
होठों से 
रोज सगुन गीत झरे ,

फिर आना 
झील -ताल 
बांसुरी बजाना |

हल्दी की 
गाँठ बंधे 
रंग हों जवानी के ,
इन सूखे 
खेतों में 
मेघ घिरें पानी के ,

धरती की 
कोख हरी 
दूब को उगाना |

लुका -छिपी 
खेलेंगे 
जीतेंगे -हारेंगे 
मुंदरी के 
शीशे में 
हम तुम्हें निहारेंगे ,

मन की 
दीवारों पर
अल्पना सजाना |

कवि/गीतकार-जयकृष्ण राय तुषार

चित्र -गूगल से साभार